वाराणसी। शिक्षकों में खेल भावना को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को व्यापक मंच देने के उद्देश्य से आयोजित टीचर्स प्रीमियर क्रिकेट लीग का भव्य उद्घाटन विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता विगत कई वर्षों से वाराणसी जनपद में निरंतर आयोजित की जा रही है।

इस वर्ष टीचर्स प्रीमियर लीग में कुल पांच टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रारंभिक चरण में सभी टीमों के बीच लीग मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल की विजेता टीमों के मध्य फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि एमएलसी आशुतोष सिन्हा का खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकारी जिला अध्यक्ष ज्योति प्रकाश द्वारा अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने पहली बाल खेलकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।
उद्घाटन संबोधन में एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि शिक्षकों में खेल के प्रति इस प्रकार का उत्साह एवं समर्पण देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक निश्चित रूप से अपने विद्यार्थियों में भी खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क की भावना विकसित करने में सफल होंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

पहले दिन खेले गए मुकाबलों में उद्घाटन मैच में बड़ागांव की टीम ने पिंड्रा को पराजित किया। दूसरे मैच में चोलापुर ने बड़ागांव को हराया, जबकि अंतिम मैच में चिरईगांव ने पिंड्रा पर जीत दर्ज की।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकारी जिला अध्यक्ष ज्योति प्रकाश, सभी टीमों के खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।




