गाजीपुर। सैनिक बहुल्य गहमर गांव के खेमनराय पट्टी और खेलूराय पट्टी के बीच लंबे समय से चल रही आपसी वर्चस्व की लड़ाई बुधवार की देर रात खूनी संघर्ष में बदल गई। खेलूराय पट्टी के युवकों ने मिलकर खेमनराय पट्टी निवासी विक्की सिंह और बाबू राय पट्टी निवासी सौरभ सिंह की हत्या कर दी, जबकि उनका साथी अंकित सिंह (निवासी छिड़ी चौरा, शादियाबाद), जो गहमर के घोपाल राय पट्टी में अपने ननिहाल में रहता था, अभी लापता है।
बताया गया कि बुधवार को घोपाल राय पट्टी में शशांक सिंह की पुत्री का जन्मदिन समारोह आयोजित था, जिसमें विक्की, सौरभ और अंकित शामिल हुए थे। खाना खाने के बाद रात करीब दस बजे तीनों एक बाइक से खेलूराय पट्टी पहुंचे, जहां कहासुनी हुई, हालांकि उस समय मामला शांत हो गया। करीब एक घंटे बाद तीनों दोबारा उसी पट्टी में पहुंचे, जहां मोहल्ले के लोगों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया।
हमलावरों ने तीनों युवकों को करीब सौ मीटर तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हमले में विक्की सिंह और सौरभ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शवों को पास स्थित पोखरे में फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
पुलिस ने पूरी रात युवकों की तलाश की। गुरुवार सुबह गोताखोरों की मदद से पोखरे में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें पहले विक्की सिंह और बाद में सौरभ सिंह का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विक्की का शव गहमर थाने के सामने एनएच-124सी तारीघाट–बारा–बिहार हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। यह जाम सुबह करीब दस बजे से शाम पांच बजे तक चला। सूचना पर डीआईजी वाराणसी वैभव कृष्णा और एसपी डॉ. ईरज राजा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।





