गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस अब तक ठोस कार्रवाई करती नजर नहीं आ रही है। बीते करीब 20 दिन पहले मुबारकपुर गांव से एक पिकअप वाहन चोरी हो गया था, लेकिन पुलिस अभी तक उस मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में चोरों का मनोबल और बढ़ गया है।
मंगलवार की रात चोरों ने अजीत चौहान के घर के सामने खड़ी उनकी महिंद्रा पिकअप (संख्या UP 61 T 2321) को निशाना बनाया। चोरों ने गाड़ी का शीशा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया और स्टेयरिंग लॉक भी तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोर पहले बाइक खड़ी कर सिगरेट पीते रहे, फिर गमछे में ईंट बांधकर पिकअप का शीशा तोड़ा। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
इसी दौरान पास के खेत से पानी देकर लौट रहे एक स्थानीय व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधि पर शक हुआ। उसने साहस दिखाते हुए चोरों को ललकारा, जिससे घबराकर दोनों आरोपी बाइक से खतीबपुर–नंदगंज मार्ग की ओर फरार हो गए। पीड़ित अजीत चौहान ने घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी और शादियाबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
घटना को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष सोनू अहमद ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया, तो पूरा व्यापार मंडल पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत करेगा और आंदोलन के लिए बाध्य होगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



