गाजीपुर: जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह टोंस नदी से एक 25 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, असावर गांव के बेलहपुर पुरवा निवासी शेषनाथ राजभर (25) रविवार से अचानक घर से लापता हो गए थे। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। बुधवार की सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए टोंस नदी के लखुआ घाट के पास पहुंचे, जहां उन्होंने नदी किनारे एक शव पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर शव की पहचान शेषनाथ राजभर के रूप में हुई। इसकी सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन इकट्ठा हो गए।
सूचना पर करीमुद्दीनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल शेषनाथ की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह नदी तक कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। शेषनाथ की मां लचिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।



