गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्मशान घाट पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गंगा में डूबने से 35 वर्षीय राजीव कुशवाहा उर्फ शेखर लापता हो गए। वह अपने पड़ोसी सुरेंद्र कुशवाहा के दाह संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। घटना के बाद स्थानीय नाविकों, पुलिस और SDRF की मदद से उनकी तलाश की जा रही है।जानकारी के अनुसार, राजीव को गंगा की ओर जाते देख मौके पर मौजूद उनके पिता काशी कुशवाहा और ग्रामीणों ने आवाज देकर वापस आने को कहा। हालांकि, वह नहीं रुके और गंगा में डूब गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय नाविकों की मदद से उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक उनका पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF टीम को जानकारी दी। घटना के बाद घाट पर ग्रामीणों और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल राजीव की तलाश जारी है।टोटो पर मोमोज बेचकर चलाते थे परिवारराजीव कुशवाहा टोटो पर मोमोज बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी का नाम रंजना कुशवाहा है। परिवार में 12 वर्षीय बेटी आकांक्षा, पांच वर्षीय बेटी अंशिका और तीन वर्षीय बेटा अंश है। राजीव दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम दिनेश कुशवाहा है। राजीव के गंगा में डूबने की घटना से परिवार में चिंता और दुख का माहौल है। उनकी तलाश के लिए पुलिस और बचाव दल प्रयास कर रहे हैं।



