गाजीपुर (बांग्लादेश)। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शुक्रवार को एक ही दिन में दो हिंदू नागरिकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। राजबाड़ी जिले के रिपन साहा के बाद अब गाजीपुर जिले के कालीगंज इलाके में हिंदू व्यापारी लिटन चंद्र घोष की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

घटना 17 जनवरी को सुबह करीब 11 बजे बोरों नगर रोड की है। लिटन चंद्र घोष, जिन्हें स्थानीय लोग ‘काली’ के नाम से जानते थे, कालीगंज में ‘बैशाखी स्वीटमीट एंड होटल’ नाम से होटल चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। यह होटल इलाके में काफी प्रसिद्ध था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 55 वर्षीय स्वपन मिया अपने बेटे मासूम मिया के साथ होटल में आया और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। बहस इतनी बढ़ गई कि स्वपन ने होटल कर्मचारी अनंत दास की पिटाई शुरू कर दी। जब होटल मालिक लिटन चंद्र घोष बीच-बचाव के लिए आगे आए, तो पिता-पुत्र ने उन पर हमला कर दिया।
इसी दौरान स्वपन की पत्नी मजीदा खातून भी मौके पर पहुंची और उसने फावड़े से लिटन के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से लिटन वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद सामने आई एक तस्वीर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है, जिसमें लिटन की लाश के पास बैठा उनका मासूम बेटा और रोती हुई पत्नी दिखाई दे रही है। यह तस्वीर एक परिवार पर टूटे उस कहर को बयां करती है, जिसने घर का इकलौता कमाने वाला छीन लिया।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है।
⚫ राजबाड़ी में रिपन साहा की हत्या
इसी दिन राजबाड़ी जिले के सदर उपजिले में रिपन साहा की भी हत्या कर दी गई। रिपन एक फिलिंग स्टेशन पर कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान एक व्यक्ति बिना पैसे दिए गाड़ी लेकर भागने लगा। जब रिपन ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने गाड़ी से कुचलकर उनकी जान ले ली।



