गाजीपुर। समाजवादी पार्टी की महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं सदर विधानसभा प्रभारी पुनीता सिंह खुशबू ने गुरुवार को ग्राम सभा लोनेपुर में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने ब्लॉक स्तर की दिक्कतों, बिजली-पानी, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतें सामने रखीं।

पुनीता सिंह खुशबू ने कई समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही फोन पर बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनसंवाद के माध्यम से जनता की आवाज सीधे प्रशासन तक पहुँचाना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा से जुड़े एक अहम विषय पर भी परिचर्चा हुई। यादव महासभा एवं पिछड़ा दलित विकास महासंघ गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘साइकिल’ मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नई शिक्षा नीति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षित बच्चे ही आगे चलकर समाज के सच्चे सुधारक बनेंगे।

परिचर्चा में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्थायी समाधान तभी संभव है जब दोनों के बीच संतुलन बनाया जाए।
कार्यक्रम के समापन पर सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू का सैकड़ों लोगों ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी जनहित, पर्यावरण संरक्षण और कानून के दायरे में रहकर फैसले लेने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रमों को जनता और नेतृत्व के बीच सेतु बताते हुए इसे समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।

इस अवसर पर सेक्टर प्रभारी सिहासन यादव, जिला पंचायत प्रत्याशी अभिषेक यादव बिट्टू, ग्रामसभा बाघी के पूर्व प्रधान अशोक यादव, अजय यादव, बूथ अध्यक्ष टुन्नू यादव तथा कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती रीता सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




