अजीत विक्रम
गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के विकासखंड मनिहारी के सभागार में उपनिदेशक पंचायत, वाराणसी मंडल के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायतों की स्वयं की आय के स्रोतों को बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण दिनांक 29 दिसंबर 2025 से 30 दिसंबर 2025 तक संपन्न होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ राकेश कुमार, खंड विकास अधिकारी मनिहारी, सिकंदर राजभर, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सुनील सिंह, वरिष्ठ फैकल्टी सह प्रबंधक डीपीआरसी चंदौली एवं पंचायत सचिवों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए स्वयं के आय स्रोतों को बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए पंचायत सचिवालय द्वारा दी जा रही सेवाओं का विस्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत के अभाव में अनुपयोगी पड़े पंचायत भवनों का जीर्णोद्धार कर उन्हें किराए पर दिया जा सकता है। इसके अतिरिक्त साप्ताहिक मेले, हाट-बाजार का आयोजन, तालाबों के पट्टे, मेलों का आयोजन जैसे माध्यमों से भी पंचायत की आय बढ़ाई जा सकती है।
प्रशिक्षण सत्र में मंडल स्तर से आए प्रशिक्षित प्रशिक्षकों कल्पना शर्मा, राम बचन एवं सुनील सिंह द्वारा ग्राम पंचायतों के आय स्रोतों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।




