गाजीपुर। निशा हत्याकांड को लेकर जनपद में बढ़ते तनाव और हाल ही में हुई हिंसा के बीच अखिलेश यादव का 29 अप्रैल 2026 को गाजीपुर आगमन प्रस्तावित है। उनके इस दौरे को लेकर जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। ज्ञात हो कि निशा केस को लेकर बीते दिनों ग्रामीणों और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के बीच तीखा टकराव हो गया था। हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों पक्षों के बीच पथराव की स्थिति बन गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस-प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
इसी परिप्रेक्ष्य में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का गाजीपुर दौरा काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, वह पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा देंगे, साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति भी तय करेंगे। सपा नेताओं का कहना है कि निशा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर पार्टी पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। वहीं प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों का आरोप है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई की गई होती तो हिंसा की स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
अखिलेश यादव के आगमन को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। वहीं प्रशासन भी उनके दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गया है। संभावित भीड़ और संवेदनशील माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने की तैयारी की जा रही है।




