
गाजीपुर । जिला अधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने भारी फोर्स के साथ जिला जेल में बुधवार की दोपहर 12 बजे औचक छापेमारी की। इस दौरान जेल के चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरकों, रसोईघर और हवालात कार्यालय सहित तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।छापेमारी के दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने जेल में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था की जांच की और जेल अस्पताल में भर्ती बंदियों से उनकी बीमारी, खानपान और साफ-सफाई को लेकर बात की।डीएम और एसपी ने जेल रसोई का निरीक्षण कर वहां रोजाना बनने वाले भोजन के मेनू की जानकारी ली। हवालात कार्यालय के स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की गई।इस दौरान जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जेल के भीतर किसी भी हाल में मोबाइल या अन्य प्रतिबंधित उपकरण न पहुंचे। इसके लिए नियमित चेकिंग का रोस्टर बनाकर अभियान चलाया जाए।साथ ही महिला बंदीगृह में मिलने वाली सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। गाजीपुर जिला जेल की यह छापेमारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सतर्कता को दर्शाती है।



