गाजीपुर। थाना शादियाबाद पुलिस ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो अदद मोनोब्लाक मोटर, 3500 रुपये नकद तथा चोरी का अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, नवंबर और दिसंबर 2025 के दौरान शादियाबाद थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में खेतों से मोनोब्लाक मोटर चोरी तथा एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी और सामान चोरी किए जाने की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।
अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 27 दिसंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोलवापार के पास से तीन अभियुक्तों—अनुज यादव उर्फ मोनू यादव, पंकज कश्यप उर्फ बुच्चू और शिवा उर्फ मोनू बनवासी—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से चोरी की गई दो मोनोब्लाक मोटर, कॉस्मेटिक सामान, नकदी तथा अवैध हथियार बरामद हुए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजबली यादव, बालकृष्ण, अजय प्रकाश पाण्डेय और त्रिभुवन नारायण तिवारी शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




