
गाजीपुर । रामपुर मांझा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह पुलिस और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सन्नी सिंह के बीच मुठभेड़ हो गई। ये मुठभेड़ सुबह करीब 6 बजे उस वक्त हुई जब पुलिस उसे असलहे की बरामदगी के लिए उसके गांव देवचंदपुर लेकर गई थी।जानकारी के मुताबिक, पुलिस जैसे ही बरामदगी की कार्रवाई कर रही थी, सन्नी सिंह ने मौका पाकर पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह घायल हो गया। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।इस मुठभेड़ की पुष्टि एसपी डॉ. ईरज राजा ने की है। उन्होंने बताया कि बुधवार को ही सूचना मिली थी कि सन्नी सिंह ने दो पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर पंचायत के दौरान फायरिंग की थी। सन्नी सिंह रामपुर मांझा थाने का नामी हिस्ट्रीशीटर है और उस पर हत्या, हथियारों की तस्करी, गैंगस्टर एक्ट समेत 11 से 12 गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।बताया जा रहा है कि इसका इलाके में इतना खौफ है कि जिस व्यक्ति ने इसकी फायरिंग की सूचना दी थी, वह एफआईआर दर्ज कराने से ही पीछे हट गया। लेकिन चूंकि यह एक संज्ञेय अपराध था, लिहाज़ा पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सन्नी सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल घायल सन्नी सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।



