गाजीपुर। एनएनटीएफ (नारकोटिक्स नेटवर्क टास्क फोर्स) और जमानियां पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। तस्कर के कब्जे से 425 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है।


एनएनटीएफ गाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक तस्कर हेरोइन के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने दिलदारनगर क्षेत्रीय वन अधिकारी कार्यालय के बगल से घेराबंदी कर एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 425 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 22 वर्षीय पंकज कुमार पुत्र नथुनीराम निवासी कानूनगो मोहल्ला, वार्ड नंबर आठ, जमानियां के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह गाजीपुर के किसी व्यक्ति से सस्ते दामों पर हेरोइन खरीदता था और उसे बिहार के एक व्यक्ति को बेच देता था। इससे होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि गाजीपुर से हेरोइन लेकर बिहार ले जाते समय ही तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चालान कर दिया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच तेज कर दी गई है।



