नए कानून ‘जी राम जी’ के विरोध में श्रमिकों की पदयात्रा
कृपाशंकर यादव
गाजीपुर। मनरेगा मजदूर संघ के तत्वावधान में विकासखंड मनिहारी की ग्राम पंचायत पहेतिया उर्फ सरौली में ब्लॉक स्तरीय “काम मांगो अभियान” के तहत मनरेगा श्रमिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मनरेगा से जुड़े अधिकारों की जानकारी देने के साथ-साथ सरकार के नए कानून ‘जी राम जी’ के विरोध में पदयात्रा एवं प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंतर्गत मनरेगा मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद सिंह यादव के नेतृत्व में ग्राम पंचायत भवन से लगभग दो किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के दौरान गांव में भ्रमण कर श्रमिकों को मनरेगा के प्रावधानों, लेबर डिमांड, जॉब कार्ड आवेदन, जॉब कार्ड नवीनीकरण तथा संगठन की सदस्यता से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला अध्यक्ष प्रमोद सिंह यादव ने बताया कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर 1 जनवरी 2026 से जनपद गाजीपुर की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ब्लॉक स्तरीय “काम मांगो अभियान” चलाया जा रहा है। इसकी पूर्व सूचना 17 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी को ज्ञापन के माध्यम से दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से मनरेगा श्रमिकों में नई उम्मीद जगी है और रोजगार मिलने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

उन्होंने सरकार द्वारा लाए गए नए कानून ‘जी राम जी’ को श्रमिक विरोधी बताते हुए कहा कि यह कानून मनरेगा मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास है, जिसका संगठन पुरजोर विरोध कर रहा है। पदयात्रा का उद्देश्य श्रमिकों में मनरेगा के प्रति विश्वास को मजबूत करना और ग्रामीण समाज में पुनः जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने रोजगार सेवकों और ग्राम प्रधानों से संगठन को सहयोग देने की अपील भी की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला महासचिव मनभाऊ राजभर ने कहा कि सरकार की दोहरी नीति के चलते नए कानूनों के माध्यम से ग्रामीण मनरेगा श्रमिकों के साथ धोखा किया जा रहा है, जिसे संगठन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि इस साजिश की जानकारी हर मजदूर तक पहुंचाना संगठन का संकल्प है।
जिला कोषाध्यक्ष मोहन श्रमिक ने कहा कि मनरेगा मजदूर संघ गांव के मजदूरों की सशक्त आवाज है। यदि संगठन को दबाने का प्रयास किया गया, तो वह सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष करने को तैयार है।
वहीं ग्राम प्रधान जयप्रकाश यादव ने मनरेगा में काम कम मिलने के पीछे ब्लॉक स्तर की लापरवाही और भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि फाइलें तभी आगे बढ़ती हैं जब प्रतिशत दिया जाता है, जो गंभीर विषय है और इसमें तत्काल सुधार की आवश्यकता है।
ब्लॉक अध्यक्ष विनय नगर ने कहा कि अब किसी भी ग्राम पंचायत के मनरेगा श्रमिकों की समस्याओं को दबाया नहीं जा सकेगा। संगठन हर पीड़ित श्रमिक के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष बिरनो महेंद्र लाल, मरदह से राजेश बौद्ध, सदर से राजेश चौहान, ब्लॉक प्रभारी मोहम्मदाबाद अजीत सिंह यादव, ब्लॉक कोषाध्यक्ष पूनम देवी, सुनील राजभर सहित ग्राम सभा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिक उपस्थित रहे।



