करंडा व मेहरौली के बीच खेला गया उद्घाटन मुकाबला
गाजीपुर। जय श्री मौनी बाबा सपोर्टिंग क्रिकेट क्लब, चोचकपुर के प्रांगण में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन लोकप्रिय सदर विधायक माननीय जै किशन साहू ने किया। टूर्नामेंट का आयोजन विनीत कुमार की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें क्षेत्र की कई टीमों ने प्रतिभाग किया।
उद्घाटन मैच करंडा एवं मेहरौली टीमों के बीच खेला गया। इस अवसर पर विधायक जै किशन साहू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल भावना के साथ खेला गया खेल बच्चों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम है। खेल बच्चों को आगे बढ़ने और अपने क्षेत्र, जिला, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और यही बच्चे आगे चलकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर समाजवादी जनता पार्टी (चंद्रशेखर) के प्रदेश सचिव रामविजय सिंह यादव ने कहा कि खेल आपसी सद्भाव, अनुशासन और कौशल विकास की प्रेरणा देता है। खेल के माध्यम से ही बच्चे आगे चलकर स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं।
कार्यक्रम में विधायक जै किशन साहू के साथ रामविजय सिंह यादव, प्रवीण यादव, इलियास, गुंजन यादव उपस्थित रहे। वहीं क्षेत्र के प्रमुख लोगों में युवा नेता शैलेंद्र यादव पिंकू, बिट्टू यादव, अजीत पासवान, अकलू गोंड, रामनिवास यादव, पूजन यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आयोजन समिति की ओर से टीम अध्यक्ष विनीत कुमार, उपाध्यक्ष पिंटू चौधरी, कोषाध्यक्ष विपिन चौधरी, बृज किशोर चौधरी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विपिन राय ने किया।




