गाजीपुर। जमानियां क्षेत्र के नूरपुर गांव में विद्यालय के समीप खोली गई देशी शराब की दुकान के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल और आबादी के बीच शराब की दुकान संचालित होने से बच्चों के भविष्य और सामाजिक माहौल पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने दुकान में रखी शराब की पेटियों को बाहर निकालकर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और किसी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया।ग्रामीणों का कहना है कि विरोध के बावजूद संचालक ने दोबारा दुकान खोल दी थी। वहीं, थानाध्यक्ष धीरेन्द्र सोनकर ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और विद्यालय के पास स्थित दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



