गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र में पत्नी से छेड़छाड़ और उसके चरित्र पर सवाल उठाने से आक्रोशित एक पति ने युवक की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है।
घटना 8 दिसंबर की है, जब बरेसर थाना क्षेत्र के नसीराबाद स्थित कंपोजिट विद्यालय के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव की पहचान नसीराबाद गांव निवासी सर्वजीत सिंह के रूप में की थी और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इस मामले में जयराम राजभर की संलिप्तता है। पुलिस ने उसे दहेदु अंडरपास पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 7 सितंबर को उसकी पत्नी कंपोजिट विद्यालय में सफाई का कार्य कर रही थी। इसी दौरान सर्वजीत सिंह वहां पहुंचा और पत्नी से छेड़छाड़ करने लगा। किसी तरह महिला वहां से बचकर घर पहुंची और घटना की जानकारी अपने पति को दी।
इसके बाद आरोपी पति गुस्से में रात करीब आठ बजे सर्वजीत को तलाशते हुए विद्यालय पहुंचा, जहां वह अकेला बैठा मिला। पत्नी से छेड़छाड़ को लेकर पूछताछ करने पर सर्वजीत ने गाली-गलौज करते हुए महिला के चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इससे आक्रोशित होकर जयराम राजभर ने लाठी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद आरोपी वहीं विद्यालय परिसर में सो गया। सुबह ग्रामीणों ने सर्वजीत को मृत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लाठी बरामद कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



