गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिजली के स्टे वायर में उतरे करंट की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत हो गई। दोनों खेत में खरपतवार निकाल रही थीं, तभी महिला करंट की चपेट में आ गई। मां को बचाने के लिए दौड़ी बेटी ने जैसे ही उनका हाथ पकड़ा, वह भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के विरोध के बाद मौके पर पहुंचीं एसडीएम ज्योति चौरसिया ने सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।मृतका के पति ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



