गाजीपुर। रफ्तार, प्रेशर हॉर्न और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात और यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की।अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 176 वाहनों का चालान किया गया। ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 6 वाहनों और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 5 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वहीं, फाल्टी नंबर प्लेट लगे 2 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान में कुल 460 वाहनों का चालान किया गया और करीब 7 लाख 82 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, प्रेशर हॉर्न से बचने और वाहन के जरूरी दस्तावेज व सुरक्षा मानकों को पूरा रखने की अपील की। यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



