गाजीपुर। सिविल बार एसोसिएशन गाजीपुर के वर्ष 2025-26 के चुनाव की मतगणना पूरी हो गई। अध्यक्ष पद पर राजेन्द्र बिकम सिंह ने निर्णायक जीत दर्ज की। उन्हें कुल 515 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी आनंद शंकर सिंह को 197 मत मिले, जबकि बालमित्र केसरी को 79 और सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव को 111 मत प्राप्त हुए। चुनाव में 3 मत अवैध पाए गए। कुल 905 मतों की गणना में राजेन्द्र बिकम सिंह ने 318 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। वहीं महासचिव पद पर अंजनी कुमार ठाकुर विजयी घोषित किए गए। उन्हें 282 मत मिले। अन्य प्रत्याशियों में रामविलास सिंह यादव को 170, मुन्ना लाल को 161, सौरभ कुमार पाण्डेय को 126, शादाब अहमद को 120 तथा समता बिन्द को 45 मत प्राप्त हुए। महासचिव पद पर अंजनी कुमार ठाकुर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से 112 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। मतगणना पूरी होते ही अधिवक्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। चुनाव को लेकर जनपद न्यायालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान अपर जिला जज कक्ष संख्या-1 गाजीपुर एवं प्रभारी अधिकारी नजारत व न्यायालय सुरक्षा श्री शक्ति सिंह द्वारा कई बार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। खास बात यह रही कि सिविल बार संघ के चुनाव में पहली बार अग्निशमन वाहन और एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरा चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।



