गाजीपुर। पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन वज्र चलाया है। इस बात की पुष्टि एसपी डॉ ईरज राजा ने की है। इस दौरान उन्होंने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर बीती देर रात मुख्तार अंसारी के गैंग के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया गया। इस ऑपरेशन के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की 12 टीमों ने एक साथ छापेमारी की। इस दौरान कुल 61 चिन्हित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन सभी के हथियारों और लाइसेंस के निलंबन के बाद उनका भौतिक सत्यापन भी किया। एसपी ने बताया कि भले ही मुख्तार अंसारी की मृत्यु पहले ही हो चुकी है, लेकिन उसके गैंग के सक्रिय होने की लगातार सूचनाएं मिल रही हैं। इसी कड़ी में उसकी फरार पत्नी अफ़्शा अंसारी के संबंध में भी घरवालों से पूछताछ की गई है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई होती रहेगी।



