गाजीपुर। जिले के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले का मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश कमलेश चौधरी बुधवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के अनुसार बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि विनीत राय हत्याकांड में वांछित आरोपी कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर इलाके की घेराबंदी की।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चली गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार कमलेश चौधरी विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



