*गाजीपुर। कासिमाबाद कस्बे में विकास और बुनियादी सुविधाओं के दावों के बीच सामुदायिक शौचालय जैसी आवश्यक सुविधा का अभाव स्थानीय व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। कस्बे के मुख्य बाजार और चौराहे पर शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से महिलाओं, राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे गंभीर स्थिति महिलाओं के लिए है, जिन्हें सार्वजनिक शौचालय के अभाव में भारी असुविधा झेलनी पड़ती है।इस समस्या को लेकर यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन ने आवाज बुलंद की है। संगठन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी संजय कुमार कुशवाहा को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चौराहे के समीप सामुदायिक शौचालय का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की।जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि कस्बे में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बाजार और विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए आते हैं, लेकिन बुनियादी जरूरत की इस सुविधा का अभाव लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। विशेषकर महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय नहीं होने के कारण असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्वच्छता और महिला सम्मान की बात की जाती है, तो कासिमाबाद में सामुदायिक शौचालय जैसी जरूरी सुविधा की व्यवस्था अब तक क्यों नहीं हो सकी?एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि समस्या को कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए धरातल पर कार्रवाई की जाए और मुख्य चौराहे के पास जल्द सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जाए, ताकि आमजन और महिलाओं को राहत मिल सके।ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता, विनोद राजभर, घनश्याम सिंह, गोपाल पांडेय एवं एडवोकेट मनोज कुमार शामिल रहे।



