गाजीपुर। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के उचौरी गांव के पास कासिमाबाद-गाजीपुर मार्ग पर महिलाओं से भरी एक पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे में करीब 26 लोग घायल हो गए। इनमें सुदर्शन और रामदरस की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार महिलाएं शिव चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान सामने अचानक आए साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को बाइक और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। कई घायल सड़क किनारे दर्द से कराहते रहे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य कराया। सभी घायलों का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है, जबकि दो घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।



