गाजीपुर: मरदह थाना क्षेत्र के डोड़सर गांव स्थित चट्टी पर गुरुवार की रात चोरों ने डीजे की दुकान का शटर तोड़कर करीब 12 लाख रुपये कीमत की मशीनें चोरी कर लीं। शुक्रवार सुबह दुकान का शटर टूटा देखकर ग्रामीणों ने दुकानदार को सूचना दी, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई। डोड़सर निवासी प्रांसु गोड़ की किराये के कमरे में डीजे की दुकान है। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह चोरी की जानकारी मिली। दुकान के पास स्थित खेत में उनका लैपटॉप और मोबाइल क्षतिग्रस्त हालत में पड़ा मिला। प्रांसु के अनुसार, उन्होंने समूह से ऋण लेकर डीजे की मशीनें खरीदी थीं। आने वाले दिनों में करीब 40 मांगलिक कार्यक्रमों के लिए बुकिंग भी की गई थी। चोरी से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ कर्ज चुकाने की चिंता सता रही है। वह अपने भाई के साथ डीजे संचालन कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद दुकान पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची मरदह पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आशंका जताई जा रही है कि चोर किसी चारपहिया वाहन से आए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



