गाजीपुर 28 नवम्बर, 2026 (सू0वि0)- जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती उपासना रानी वर्मा ने विकास खण्ड मनिहारी के कम्पोजिट विद्यालय हरिहरपुर में मध्यान्ह भोजन (MDM) निधि के आहरण के संबंध में प्रसारित वीडियो का खंडन करते हुए स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि वीडियो में लगाया गया यह आरोप कि बच्चों को भोजन ग्राम प्रधान ने खिलाया और धनराशि अध्यापक ने अकेले निकाल ली, विभागीय अभिलेखों, बैंक सत्यापन एवं जाँच आख्या के आधार पर पूर्णतः एकपक्षीय, अपूर्ण एवं तथ्यों से परे है।बैंक सत्यापन में संयुक्त हस्ताक्षर की पुष्टि- विभागीय जाँच में स्पष्ट हुआ है कि विद्यालय का मध्यान्ह भोजन खाता ग्राम प्रधान एवं प्रधानाध्यापक के संयुक्त हस्ताक्षर से संचालित होता है, जिससे किसी एक व्यक्ति के हस्ताक्षर से एक रुपया भी निकालना संभव नहीं है। प्रकरण से जुड़े दोनों विवादित चेक (दिनांक 25.02.2025 को रु. 50,000/- तथा दिनांक 25.03.2025 को रु. 2,25,000/-) ग्राम प्रधान एवं प्रधानाध्यापक के संयुक्त हस्ताक्षर से ही निर्गत हुए हैं। यूनियन बैंक, शाखा बुजुर्गा द्वारा दिनांक 12.11.2025 को लिखित रूप से प्रमाणित किया गया है कि दोनों चेकों पर अंकित हस्ताक्षर बैंक के नमूना हस्ताक्षर से पूर्णतः मेल खाते हैं तथा जाँच समिति को किसी प्रकार की कूटरचना नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई एवं गहन जाँच: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि माह सितम्बर 2025 में शिकायत प्राप्त होने के मात्र 04 दिन के भीतर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब किया गया और शासकीय धन की सुरक्षा हेतु दिनांक 09.10.2025 को खाते से आहरण पर तत्काल रोक लगा दी गई। इसके उपरांत दो खण्ड शिक्षा अधिकारियों की जाँच समिति गठित कर रसोइयों के बयान दर्ज किए गए तथा दिनांक 16.01.2026 को दोनों पक्षों की आमने-सामने सुनवाई की गई। जाँच में पाया गया कि मार्च 2025 तक कन्वर्जन कॉस्ट व फल का भुगतान पूर्व में ही हो चुका था, विवादित चेक निर्गत पंजिका में दर्ज नहीं थे और आहरित धनराशि के व्यय का कोई संतोषजनक अभिलेख उपलब्ध नहीं था। अतः अनियमित आहरण के लिए दोनों हस्ताक्षरकर्ताओं को समान रूप से उत्तरदायी पाया गया। सख्त दंडात्मक कार्रवाई एवं वसूली आदेश: प्रकरण में दिनांक 28.02.2026 को प्रभारी प्रधानाध्यापक की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित की गई तथा दिनांक 05.03.2026 को सकारण आदेश पारित करते हुए ग्राम प्रधान एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक, दोनों से रु. 1,37,500/- प्रत्येक (कुल रु. 2,75,000/-) की वसूली के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित धनराशि जमा न करने पर भू-राजस्व की भाँति वसूली एवं प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। मण्डलीय स्तर पर प्रस्तुत अपील में भी विभाग का कोई आदेश निरस्त नहीं हुआ है। वर्तमान में वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) द्वारा अंतिम वित्तीय परीक्षण किया जा रहा है, जिसकी आख्या प्राप्त होने के 07 दिन के भीतर अंतिम आदेश पारित कर दिया जाएगा। बच्चों का मध्यान्ह भोजन पूर्णतः निर्बाध- खण्ड शिक्षा अधिकारी मनिहारी के निर्देश दिनांक 21.10.2026 के क्रम में विद्यालय में निर्धारित मीनू के अनुसार प्रतिदिन बच्चों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर सख्त विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती उपासना रानी वर्मा ने स्पष्ट किया कि “मध्यान्ह भोजन का एक-एक पैसा बच्चों के पोषण के लिए है; शासकीय धन की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाएगी और दोषी कोई भी हो, उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई होगी।” उन्होंने बताया कि प्रकरण की सम्पूर्ण तथ्यात्मक आख्या जिलाधिकारी महोदय को प्रेषित की जा चुकी है तथा माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष भी समस्त अभिलेख प्रस्तुत कर दिए गए हैं। उन्होंने मीडिया बन्धुओं एवं आम जनमानस से अपील की है कि किसी भी भ्रामक या एकपक्षीय सूचना को प्रसारित करने से पूर्व विभाग से तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें तथा किसी भी अनियमितता की शिकायत सीधे कार्यालय अथवा आई.जी.आर.एस. (IGRS) पोर्टल पर दर्ज कराएं।



