गाजीपुर। जमानियां क्षेत्र में बुधवार को हमीद सेतु के नीचे गंगा नदी की रेत पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव सेतु के पिलर संख्या 8 और 9 के बीच पश्चिमी दिशा में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के साथ-साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मौके से एक नीली लूंगी, क्रीम रंग का गमछा, सफेद कुर्ता और एक प्लास्टिक का जूता भी बरामद हुआ है, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में लिया है। शव मिलने की सूचना फैलते ही हमीद सेतु पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर विभिन्न आशंकाएं जताई हैं, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।चौकी प्रभारी अभिनव गुप्ता ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।



