गाजीपुर। जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा के पास आजकल राजनीतिक मुद्दों का अकाल है, इसलिए वह नाजायज और बेबुनियाद मुद्दों पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा हमेशा ऐसे विषयों को उठाती है, जिनका जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं होता।
गाजीपुर में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद ने विशेष रूप से एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के मुद्दे पर चुनाव आयोग का पक्ष लेते हुए विपक्ष के विरोध को बेमानी बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में जब एसआईआर हुआ था, तब भी यही आरोप लगाए गए थे कि वोट काटे जा रहे हैं, लेकिन जब अंतिम मतदाता सूची सामने आई तो सब कुछ स्पष्ट हो गया। ऐसे में बिना तथ्यों के विरोध करना गलत है, इस प्रक्रिया के तह तक जाना चाहिए। धनंजय सिंह ने समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा एसआईआर के विरोध को भी अनुचित ठहराया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर भाजपा के दबाव में विशेष वर्ग के वोट काटे जाने के आरोप निराधार हैं। इशारों-इशारों में देश के मुस्लिम वर्ग की ओर संकेत करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि जिस विशेष बड़े वर्ग की बात की जा रही है, वह राजनीतिक और आर्थिक रूप से इसलिए पिछड़ गया है क्योंकि उसने एक बड़े राजनीतिक दल को अपना शत्रु मान लिया है, जो सरासर गलत है। राजनीतिक दल और सरकारें देशहित और नागरिक हित में काम करती हैं। ऐसे में किसी भी वर्ग को यह सोचना चाहिए कि वर्तमान सरकार देश और नागरिकों के हित में काम कर रही है, उससे वैमनस्यता का भाव दूर करना होगा, तभी वे प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ सकेंगे।शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अयोध्या प्रवेश पर स्वामी परमहंस जी द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के सवाल पर धनंजय सिंह ने टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि संतों के आपसी मामलों को संतों पर ही छोड़ देना चाहिए, इस विषय में कोई टिप्पणी न करना ही बेहतर है।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह, सपा के पास राजनीतिक मुद्दों का अकाल, एसआईआर विरोध बेमानी
Leave a Comment



