गाजीपुर। बहरियाबाद-सैदपुर मार्ग पर हसनपुर डगरा के निकट विकरपुर गांव के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार, बहरियाबाद थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव निवासी नगदू चौहान का निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चक फरीद गांव निवासी 25 वर्षीय चंदन राम और कबीरपुर निवासी 42 वर्षीय संदीप चौहान बाइक से सैदपुर के जौहरगंज श्मशान घाट जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक विकरपुर गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। सैदपुर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।



