गाजीपुर। बिरनो थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर ग्राम सभा स्थित भड़सर चट्टी के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली और मारुति कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक को हाथ, पैर और सिर में हल्की चोटें आई हैं तथा उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली मरदह/सियारामपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार मारुति कार अनियंत्रित होकर ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे चालक को बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान भावेश कुमार झा, पुत्र सच्चिदानंद झा, निवासी अम्बे चौक, पडरौना कोतवाली, कुशीनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह वाराणसी में दर्शन-पूजन कर अपने घर लौट रहे थे।सूचना मिलते ही बिरनो पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शुक्ला टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।



