गाजीपुर। होटल संचालक एवं होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक राय के पुत्र विनीत राय की हत्या के बाद परिवार का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आलोक राय ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर हत्या के आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वह अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने आत्मदाह करेंगे। गौरतलब है कि शुक्रवार रात अज्ञात हमलावरों ने विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से कटरा गैंग का सरगना शंकर पांडेय और उसके अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।आलोक राय ने आरोप लगाया कि कटरा गैंग को लंबे समय से कुछ पुलिस कर्मियों का संरक्षण मिलता रहा, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हुए। उन्होंने कुछ पुलिस अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।घटना के बाद एडीजी पीयूष मोर्डिया और डीआईजी वैभव कृष्ण ने मौके का निरीक्षण किया। वहीं डीजीपी राजीव कृष्ण ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मामले में कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।इस बीच, मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे भाजपा एमएलसी Dharmendra Singh ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि परिवार ने पहले ही संभावित खतरे की जानकारी पुलिस को दी थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विनीत राय हत्याकांड को लेकर पूरे जिले में आक्रोश का माहौल है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।



