

गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र स्थित मुड़रभा गांव में आज सोमवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सूचना के अनुसार चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए गांव के पोखरे में नहाने गए 16 वर्षीय सगे जुड़वा भाई हिमांशु यादव और प्रियांशु यादव की डूबने से मौत हो गई। दोनों कक्षा 10 के छात्र थे। काफी समय तक घर वापस नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को पोखरे के किनारे दोनों भाइयों के कपड़े मिले, जिससे किसी अनहोनी की आशंका गहरा गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पोखरे में तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद दोनों भाइयों के शव पोखरे से बाहर निकाले गए। एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल व्याप्त है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से गांव के लोग स्तब्ध हैं और हर आंख नम दिखाई दे रही है।



