गाजीपुर। विकासशील इंसान पार्टी यानी वीआईपी के प्रमुख और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने भाजपा और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में पहुंचे मुकेश सहनी ने कहा कि बिहार में सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की सरकार नहीं, बल्कि अडानी सरकार चल रही है और ये लोग दिल्ली के रबर स्टाम्प बन चुके हैं।गाजीपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और निषाद समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के प्रभारी मनीष चौधरी रहे, जबकि पूर्व राज्यमंत्री अच्छेलाल निषाद, संतोष सहनी समेत कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुकेश सहनी ने यूपी सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि निषाद समाज ने संजय निषाद को बड़ा नेता बनाकर सत्ता तक पहुंचाया, लेकिन समाज को आज तक अनुसूचित जाति का आरक्षण नहीं मिला। सहनी ने आरोप लगाया कि “बेटे की सीट और मंत्री पद के लिए भाजपा से समझौता कर लिया गया। मुकेश सहनी ने ऐलान किया कि 25 जुलाई 2026 से उत्तर प्रदेश में 101 दिनों की “आरक्षण अधिकार यात्रा” निकाली जाएगी। इस यात्रा के जरिए निषाद, मल्लाह, बिंद, केवट, कश्यप, मांझी, धीवर, कहार और मछुआरा समाज को एकजुट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लोगों को गंगा जल की शपथ दिलाई जाएगी कि “SC आरक्षण नहीं तो बीजेपी को वोट नहीं। उन्होंने कहा कि यदि आने वाले छह महीनों में निषाद समाज को SC आरक्षण दिलाने की ठोस पहल नहीं होती है, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का खुलकर विरोध किया जाएगा।इस दौरान मुकेश सहनी ने यह भी कहा कि वीआईपी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि “हम लोग न बिहार हारे हैं और न बंगाल, बल्कि हमें जबरदस्ती हराया गया है। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, सामाजिक न्याय, युवाओं के रोजगार और निषाद समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।



