गाजीपुर। कासिमाबाद थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को भगाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार कासिमाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को 28 मार्च 2025 को गोविंदा राम पुत्र श्रीराम राम निवासी बेलसड़ी थाना कासिमाबाद बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद किशोरी के पिता ने कासिमाबाद थाने में आरोपी के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
बताया जा रहा है कि फरारी के दौरान किशोरी ने एक बेटे को जन्म दिया। इस बीच किशोरी बालिग हो गई। बालिग होने के बाद जब वह अपने बच्चे के साथ घर लौटी तो पुलिस ने आरोपी गोविंदा राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल महिला अपने बच्चे के साथ गोविंदा के घर पर रह रही है और उसके जेल से बाहर आने का इंतजार कर रही है।



