
गाजीपुर। जनपद में किन्नर समाज के भीतर आपसी मतभेद खूनी हो चुका है, गंगा किन्नर को गोली मारने की आरोपी बिट्टू किन्नर एक बार फिर सुर्खियों में है। किन्नर समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर जान-माल के सुरक्षा की मांग की है। किन्नर समाज की अध्यक्ष चांदनी किन्नर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा, उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बिट्टू किन्नर नामक एक शातिर अपराधी जो पूर्व में गंगा किन्नर की हत्या के मामले में आरोपित है, और वर्तमान में फरार चल रहा है और कथित रूप से असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर लोगों को डरा-धमका रहा है। एसपी से मिलने आई काजल किन्नर ने कहा कि बिट्टू किन्नर द्वारा लगातार गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे न सिर्फ किन्नर समाज बल्कि आम जनता भी भयभीत है। भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल माधुरी किन्नर और काजल किन्नर ने भी आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति गुंडों के साथ मिलकर क्षेत्र में दहशत फैला रहा है, जिससे समाज की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की वजह से पूरा किन्नर समाज बदनाम हो रहा है। ज्ञापन में पुलिस अधीक्षक से मांग की गई है कि थाना नंदगंज पुलिस को प्रकरण की गंभीरता से जांच कर संबंधित व्यक्ति एवं उसके साथियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाए, ताकि किन्नर समाज और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।



