कृपाशंकर यादव
वाराणसी। जनवरी माह की कड़ाके की ठंड को देखते हुए लायंस क्लब वाराणसी गंगा एवं भाजपा रोहनिया मंडल के संयुक्त तत्वावधान में सैकड़ों गरीब, असहाय एवं निशक्त लोगों को ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाराणसी जिला अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) हंसराज विश्वकर्मा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अजातशत्रु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. संजय गुप्ता ने किया तथा संयोजक की भूमिका संदीप केशरी ने निभाई।

विश्व की सबसे बड़ी समाजसेवी संस्थाओं में से एक लायंस क्लब की शाखा लायंस क्लब वाराणसी गंगा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों की भारी भीड़ उमड़ी। जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर उन्हें ठंड से राहत प्रदान की गई।
इस अवसर पर अजातशत्रु ने कहा कि लायंस क्लब विश्व की विशालतम सेवा संस्थाओं में से एक है, जो 210 देशों में लगभग 14 लाख सदस्यों के माध्यम से 24×7 सेवा कार्य कर रही है। लायंस क्लब किसी भी प्राकृतिक या दैवीय आपदा में बढ़-चढ़कर सेवा करता है। लायंस क्लब इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा भारत में सेवा एवं आपदा राहत कार्यों पर अरबों डॉलर खर्च किए गए हैं, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने बताया कि लायंस क्लब का मूल मंत्र ही सेवा है। जिले में लगभग 3000 सदस्यों के माध्यम से निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं। लायंस क्लब वाराणसी गंगा द्वारा प्रत्येक रविवार को निःशुल्क खिचड़ी वितरण, साड़ी वितरण, फल वितरण, समय-समय पर गरीब कन्याओं का विवाह, निर्धन एवं बेसहारा लोगों के लिए कंबल वितरण, निःशुल्क मेडिकल जांच शिविर एवं दवा वितरण जैसे कार्य नियमित रूप से किए जाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि यह पुनीत कार्य अत्यंत सराहनीय है। ऐसे सेवा कार्यों से यह भाव उत्पन्न होता है कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। इससे गरीब और असहाय लोगों को कड़ाके की ठंड में राहत मिलती है और वे सेवा करने वालों को आशीर्वाद देते हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से लायन चंद्रकांत, डॉ. शोभमनाथ, प्रदीप कुशवाहा, जितेंद्र, शिवकुमार जायसवाल, प्रशांत मोहन गिरी, सुजीत, करणी सेना के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, मंगला गुप्ता, डॉ. पी.सी. गुप्ता, गुलाब चंद केशरवानी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



