गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “विकसित भारत की कल्पना” थीम पर जनपद स्तरीय चित्रकला, सामान्य ज्ञान एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन ऑडिटोरियम हॉल में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के पूर्व मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत द्वारा परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इसके उपरांत मंचासीन अतिथियों की उपस्थिति में वंदे मातरम् गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। विभिन्न विभागों एवं विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के विकास, राष्ट्र निर्माण, नवाचार एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा।प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिलाध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित विद्यालय के प्राधानाचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।







