
गाजीपुर । उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रोशन लाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी निलेन्द्र सिंह पर बिना सक्षम अधिकारी ( जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी) के अनुमोदन के ही अत्यधिक संख्या में ट्रांसफर पॉलिसी के विपरीत स्थानांतरण करने एवं धन वसूली कर स्थानांतरण आदेश को संशोधित करने का आरोप लगाया है! जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा है की महिला एवं दिव्यांग सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ पति-पत्नी सफाई कर्मचारी व गंभीर बीमारी से ग्रसित सफाई कर्मचारियों का भी योजना के तहत धनउगाही करने की नीयत से 80 से 90 किलोमीटर दूर स्थानांतरण किया गया है! निलेन्द्र सिंह प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा मोटी रकम लेकर स्थानांतरण को संशोधित भी किया जा रहा है! जिला अध्यक्ष रोशन लाल ने यह भी कहा कि ये सफाई कर्मचारियों से अभद्र भाषा का प्रयोग कर बात करते हैं साथ ही सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों से मोटी रकम वसूली की नियत से असत्य, मनगढ़ंत एवं झूठे आरोपों में कार्यवाही किए जाने का भय पैदा करने के लिए पत्र भी निर्गत किया जाता है एवं भ्रष्टाचार का विरोध न करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और अपने पक्ष में दबाव बनाकर लिखाया जा रहा है! जिलाध्यक्ष ने आगे कहा की इनके द्वारा बायो मेट्रिक मशीन की उपस्थित शीट जो सचिव द्वारा प्रमाणित हो उसके आधार पर माह जुलाई का वेतन आहरित करने का आदेश जारी किया गया है जबकि अधिकतर बायोमेट्रिक मशीने ख़राब हैं अथवा विद्युत उपलब्धता के अभाव में चार्ज नहीं हो पाती हैं! ऐसी स्थिति में भी बायोमेट्रिक पर हाजिरी समयानुसार नहीं लग पाती है! इसके साथ साथ शासनादेश के विपरीत लगभग सैकड़ो सफाई कर्मचारी जनपद के अलग अलग कार्यालयों में कार्य कर रहें हैं और उनका पेरोल ग्राम पंचायत से नियम के विपरीत गलत तरीके से मंगाया जाता है! जिला अध्यक्ष ने आगे कहा कि सफाई कर्मचारी से संबंधित जारी जब चार्ट में केवल प्रधान के उपस्थिति प्रमाणित करने के ही आधार पर वेतन आहरित करने का प्राविधान है परंतु प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी निलेन्द्र सिंह द्वारा निर्गत आदेश वेतन आहरण के नाम पर भी मोटी रकम वसूलने की योजना को प्रदर्शित करता है! अंत में जिला अध्यक्ष रोशन लाल ने मुख्य विकास अधिकारी एवं जिलाधिकारी से मांग किया है कि नीलेंद्र सिंह जो एडीपीआरओ प्राविधिक हैं और वर्तमान में DPRO का प्रभार ग्रहण किए हैं इनसे वरिष्ठ अपर जिला पंचायत राज अधिकारी जनपद गाजीपुर में कार्यरत हैं इनको जिला पंचायत राज अधिकारी का प्रभार दिया जाए ताकि सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ पंचायती राज विभाग के अन्य कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान हो सके और पंचायती राज विभाग में व्याप्त शोषण एवं भ्रष्टाचार पर रोक लग सके!



