गाजीपुर: जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत हंसराजपुर ग्राम सभा के बभनौली गांव में मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर जमकर बवाल हो गया। इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों और दो महिलाओं सहित कुल 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बभनौली गांव में कुछ बाहरी लोग हॉकी, लाठी-डंडों और असलहों के साथ एक जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जब सिंधु गुप्ता के परिजन इसका विरोध करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया।
घटना की जानकारी फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हमलावरों के एक चार पहिया वाहन और कई मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही शादियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मौके से आठ मोटरसाइकिलें और एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया है। थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि सिंधु गुप्ता की तहरीर पर दो महिलाओं और एक नाबालिग सहित कुल 22 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



