जखनियां। निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जखनियां ब्लॉक सभागार में सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

खंड विकास अधिकारी एवं तहसीलदार जखनियां की देखरेख में संपन्न बैठक में बीएलओ को निर्देशित किया गया कि वे मतदाता सूची का गहन सत्यापन करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र अथवा अवैध नाम सूची में दर्ज न हो। अधिकारियों ने कहा कि नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर उसे तत्काल सुधारने की कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही नियमानुसार सूची में शामिल न होने वाले नामों की पहचान कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया पूरी गंभीरता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने को कहा गया। अधिकारियों ने पारदर्शिता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया।
बैठक से पूर्व गोविंद प्राथमिक पाठशाला परिसर में बीएलओ द्वारा विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु फार्म-6 तथा मतदाता सूची में संशोधन के लिए फार्म-8 जमा किए गए। ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली और उन्होंने अपने मताधिकार से संबंधित समस्याएं सामने रखीं।
अभियान के दौरान ग्राम सभा जखनियां के बूथ संख्या 240, 241, 242 एवं 243 पर पहुंचकर कुल छह नए मतदाताओं के फार्म भरवाए गए। मैपिंग के दौरान छूटे हुए मतदाताओं को चिन्हित कर आवश्यक संशोधन हेतु फार्म-8 भरवाया गया। बीएलओ ने घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को सूची की जांच कराने के लिए जागरूक किया।
बीएलओ एवं पार्टी पदाधिकारियों ने ग्रामवासियों से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवक-युवतियां, जिनके नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे फार्म-6 भरकर नए मतदाता बनें। साथ ही जिन पात्र मतदाताओं के नाम किसी कारणवश सूची से छूट गए हैं, वे समय रहते फार्म भरकर संबंधित बीएलओ या बीएलए को उपलब्ध कराएं।
अधिकारियों ने अवैध नामों की पहचान कर उन्हें हटाने को लोकतंत्र की शुचिता के लिए आवश्यक बताया और कहा कि शुद्ध मतदाता सूची से ही निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संभव है।
इस अवसर पर बीएलए चिंता देवी, अजय प्रजापति, नागेंद्र यादव, आनंद सिंह, राजेंद्र पांडेय, प्रशांत सिंह, गोविंदा गुप्ता, राम प्रसाद कुशवाहा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



