
गाजीपुर । मजदूर दिवस 1 मई को आज आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर जिला अधिकारी कार्यालय के सामने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया गया।इस दौरान जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक भी सौंपा गया।जिले भर से आई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने हो रहे उत्पीड़न और अन्य समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। इस दौरान जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या मेंआंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रही। संगठन की जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा सिंह ने कहा कि हम लोगों की विभिन्न मांगों को लेकर कई बार पत्र देने के बावजूद हमारी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का उत्पीड़न बहुत ही बढ़ गया है। हम लोगों के बीच रोष भी बढ़ता जा रहा है।प्रदर्शनकारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय वृद्धि, ड्यूटी के लिए दिए गए मोबाइल को रिचार्ज करने के लिए पैसे एवं खराब मोबाइल बदलने की मांग भी की। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति पर ग्रेच्युटी या पेंशन का लाभ दिए जाने, समय से प्रमोशन की मांग करते हुए अपनी बात कही।इस अवसर पर संस्था के संरक्षक अमरनाथ दुबे ने बताया कि पूर्व सूचना के आधार पर दस सूत्रीय पुरानी मांगों को लेकर हम लोग यहां जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किए, नए जिलाधिकारी से मिले हैं मांगो का पत्रक भी दिया है उन्होंने पूरी बात सुनी और आश्वासन दिया है कि मांगो की जांच कर जल्द ही निस्तारण करेंगे, और हमे उनसे उम्मीद भी है कि हमारी समस्याओं का वे निदान करेंगे।



