खानपुर/ गाजीपुर। नायकडीह गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव आम के बगीचे में पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी अवनीश सिंह (25) के रूप में हुई है। शव गांव से करीब 500 मीटर दूर आम के बगीचे में जमीन से लगभग 10 फीट की ऊंचाई पर गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला।
सुबह बगीचे की ओर गई महिलाओं ने शव देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। अवनीश सिंह चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उन्होंने पढ़ाई छोड़कर पिता माताप्रसाद के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाना शुरू कर दिया था। उनके तीन बड़े भाई मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं। अवनीश अविवाहित थे।
पिता माताप्रसाद ने बताया कि सोमवार रात भोजन करने के बाद करीब आठ बजे अवनीश खेतों की रखवाली के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह आम के पेड़ पर शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने बताया कि अवनीश तनाव में रहता था और लगभग एक वर्ष पूर्व भी आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास कर चुका था।
घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। बेटे का शव देखकर मां उषा देवी और इकलौती बहन रुनझुन दहाड़े मारकर रोने लगीं। परिवार इन दिनों बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था।
थाना प्रभारी खानपुर राजीव पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



