गाजीपुर। कड़ाके की ठंड के बीच ग्राम सभा जयंतिदासपुर मानपुर में मानवता और सेवा का संदेश लेकर सामने आए संजय यादव ने लगभग 500 जरूरतमंद गरीब, असहाय एवं पात्र ग्रामीणों को कंबल वितरित कर सामाजिक सरोकारों की एक सशक्त मिसाल पेश की। ठिठुरन भरी ठंड में बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता देते हुए किया गया यह कंबल वितरण कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए न केवल राहत का साधन बना, बल्कि एक जिम्मेदार नेतृत्व के प्रति भरोसे का प्रतीक भी साबित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान संजय यादव की भूमिका सिर्फ आयोजक की नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और सेवाभावी व्यक्तित्व के रूप में देखने को मिली। वे स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे, उनकी समस्याएं सुनीं और जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक कंबल वितरित किए। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय बाद गांव में इस तरह की पहल देखने को मिली है, जब किसी ने ठंड के मौसम में उनकी वास्तविक जरूरत को समझते हुए सहायता का हाथ बढ़ाया।
संजय यादव की यह सक्रियता उन्हें ग्राम सभा में एक जमीनी स्तर से जुड़े, जिम्मेदार भावी प्रधान प्रत्याशी के रूप में स्थापित करती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा का समग्र विकास केवल कागजी योजनाओं से नहीं, बल्कि ईमानदार नीयत और निरंतर प्रयासों से संभव है। जब तक गांव के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं नहीं पहुंचेंगी, तब तक विकास अधूरा रहेगा।

कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने संजय यादव द्वारा कराए गए विकास कार्यों की भी सराहना की। ग्राम सभा क्षेत्र में लगभग 300 स्ट्रीट लाइटें लगवाकर उन्होंने अंधेरे से ग्रामीणों को राहत दिलाई, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ महिलाओं और बुजुर्गों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
युवाओं के लिए खेल मैदान के आसपास समतलीकरण और अन्य आवश्यक कार्य कराए गए, वहीं पेयजल समस्या को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर हैंडपंप लगवाए गए। वर्षों पुरानी जलनिकासी की समस्या को खड़ंजा और पक्की नालियों के निर्माण से काफी हद तक दूर किया गया, जिससे बरसात के दिनों में ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
इसके अलावा गांव में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विद्युत खंभों पर एबीसी केबल बिछवाई गई, जिससे तकनीकी समस्याओं में कमी आई और आपूर्ति व्यवस्था पहले से बेहतर हुई। ग्रामीणों का कहना है कि संजय यादव गांव की हर समस्या को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानते हैं और उसके समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।

ग्राम सभा के वरिष्ठ नागरिकों का मानना है कि जिस तरह संजय यादव सेवा कार्यों के माध्यम से लोगों के बीच विश्वास और अपनापन बना रहे हैं, वह उन्हें आगामी पंचायत चुनाव में एक मजबूत और भरोसेमंद दावेदार बनाता है। कंबल वितरण जैसे मानवीय कार्यों से लेकर बुनियादी विकास योजनाओं तक उनकी सक्रियता यह दर्शाती है कि वे केवल पद की इच्छा नहीं रखते, बल्कि ग्राम सभा की जिम्मेदारी निभाने की ठोस तैयारी के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
इस अवसर पर संदीप यादव, डॉक्टर विक्रम यादव, उमरनास, सतीश कुमार, सूरज राम, सोनू, बृजेश, धर्मात्मा, इरफान सहित ग्राम सभा के अनेक जागरूक ग्रामीण उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।



