गाजीपुर। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के परजीपाह नगवा मार्ग पर रविवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चारा काटने वाली मशीन से जुड़े ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका नाबालिग साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
परजीपाह गांव निवासी रामचंद्र राम का पुत्र हिमांशु राम (25) अपने साथी अनुपम राम (18) के साथ ट्रैक्टर मशीन से क्षेत्र में चारा काटने गया था। देर शाम काम समाप्त कर दोनों ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पहले ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दोनों उसके नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान हिमांशु राम की मौत हो गई। वहीं अनुपम राम की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज गाजीपुर रेफर कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



