गाजीपुर। फतेहपुर–औगासी मार्ग पर मंगलवार देर शाम थाना क्षेत्र के चुरियानी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार राधानगर थाना क्षेत्र के मलाका गांव निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र पाल बाइक से असोथर थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव गया था। वहां से देर शाम लौटते समय चुरियानी गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई।
इस दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार 21 वर्षीय विमलेश कुमार रैदास, निवासी फरीदाबाद टिकरी थाना गाजीपुर तथा 25 वर्षीय शनि रैदास, निवासी बीबीपुर थाना राधानगर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को गाजीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र पाल और विमलेश कुमार रैदास को मृत घोषित कर दिया, जबकि शनि रैदास की हालत गंभीर देखते हुए पहले जिला अस्पताल और फिर कानपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
इधर, मृतक धर्मेंद्र पाल के घर में मातम पसरा है। पिता सुखदेव, पत्नी सोनिका और तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं विमलेश कुमार रैदास अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई बाबूराम, अखिलेश, नीलेश तथा मां राम दुलारी का भी रो-रोकर हाल बेहाल है।




