गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य सहित समस्त संबंधित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद में 24 से 26 जनवरी 2026 तक विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के साथ उत्तर प्रदेश दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा।


जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर सभी विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई जाएं, जिनके माध्यम से विभागीय लाभकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस–2026 की थीम “विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” निर्धारित की गई है और सभी विभाग इसी थीम पर आधारित प्रदर्शनी, संगोष्ठी, सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिता एवं रोड शो का आयोजन सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि
- 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती,
- 24 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश दिवस,
- 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस/मतदाता जागरूकता दिवस,
- तथा 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस
के अवसर पर जनपद में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा एक जनपद–एक उत्पाद (ODOP) योजना के अंतर्गत जनपद के शिल्पकारों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाए और स्टॉलों पर उत्पादों का विक्रय भी सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों को थीम आधारित प्रदर्शनियों के निर्देश दिए गए, जिनमें
- उद्योग एवं अवस्थापना विभाग – स्टार्टअप व ईज ऑफ डूइंग बिजनेस,
- इनवेस्ट यूपी – वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी,
- सूचना एवं जनसंपर्क विभाग – प्रगतिमान उत्तर प्रदेश,
- गृह विभाग – मिशन शक्ति,
- संसदीय कार्य विभाग – संविधान गैलरी एवं संविधान का अमृत काल,
- नगर विकास – कुंभ,
- संस्कृति विभाग – प्रदेश की कला, संस्कृति व इतिहास,
- उच्च शिक्षा विभाग – श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी,
- समाज कल्याण विभाग – भगवान बिरसा मुंडा जयंती,
- राष्ट्रीय एकीकरण विभाग – लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल,
- पर्यटन विभाग – प्रदेश के पर्यटन व पौराणिक स्थल एवं वर्चुअल टूर
शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनने वाली प्रतिभाओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, संस्कृति एवं कला जगत की हस्तियों तथा खेल विभाग के पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया जाए।
इसके अलावा नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग को 12 से 23 जनवरी 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही एमएसएमई, कृषि, विज्ञान, चिकित्सा सहित अन्य विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हस्तशिल्पियों, किसानों, उद्यमियों एवं चिकित्सकों को उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।




