गाजीपुर: । जय बाबा सिद्धनाथ ट्रस्ट सोनहरिया के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कथा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से श्रद्धालु पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं। प्रतिदिन सायंकाल आरती के साथ कथा का शुभारंभ होता है। कथा स्थल पर भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ ले रहे हैं।कथा के दौरान त्रिदंडी स्वामी लक्ष्मी नारायण ने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु जीवन में पथ प्रदर्शक की भूमिका निभाते हैं। अपने अनुभव और ज्ञान के माध्यम से वे शिष्यों को सही मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के आदर्शों, शिक्षाओं और संस्कारों को अपने जीवन तथा परिवार में अपनाकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को अच्छे संस्कार देना सभी की जिम्मेदारी है। समाज में जाति, धर्म और मजहब के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए। सनातन परंपरा सदैव सभी धर्मों और समुदायों के सम्मान का संदेश देती रही है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ ही सदाचार तथा सामाजिक समरसता के लिए प्रेरित किया जाता है।त्रिदंडी स्वामी ने कहा कि साधु-संतों की ओर से समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जाते हैं, ताकि लोग आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त कर अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाएं। इससे परिवार और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में मदद मिलती है।कथा में देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। अंत में आरती के बाद श्रद्धालुओं ने विदाई ली। आयोजन को सफल बनाने में कृपाशंकर राय, सुनील राय, आनंद राय, रविंद्र राय, सुरेंद्र राय सहित क्षेत्रवासी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।






