गाजीपुर (बहरियाबाद)। बहरियाबाद पुलिस की सर्विलांस टीम की सक्रियता से सोमवार को कुल 2 लाख 61 हजार रुपये मूल्य के 17 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। इनमें एक आईफोन एवं 16 एंड्रॉयड मोबाइल शामिल हैं, जिन्हें सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ट्रेस कर बरामद किया गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि हुसेनपुर मुर्थान निवासी अनूप गिरी का गुमशुदा आईफोन सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के मात्र 15 दिनों के भीतर सर्विलांस के माध्यम से बरामद कर लिया गया। वहीं गहनी निवासी सोनिया का एंड्रॉयड मोबाइल झारखंड से, मिर्जापुर निवासी गुलशन कुमार का मोबाइल मुंबई से, आजमगढ़ के चिरैयाकोट निवासी बृजेश कुमार का मोबाइल दिल्ली से तथा गदाईपुर निवासी नौशाद का मोबाइल बिहार से बरामद किया गया।
इसके अतिरिक्त मिर्जापुर निवासी विनोद कुमार, अभिषेक कुमार एवं अतीश कुमार, बैजनाथपुर के संजय कुमार, बेवदा के संदीप कुमार, पलिवार के कृष्णा गिरी व प्रशांत पुरी, बेलहरा के भगवान दास, नादेपुर के मिंटू यादव, चकफरीद के शुभम यादव तथा मलौरा के शुभम कुमार के गुमशुदा मोबाइल फोन भी सर्विलांस टीम द्वारा सफलतापूर्वक बरामद किए गए।
इस सराहनीय कार्य में कंप्यूटर ऑपरेटर सोनू यादव, कांस्टेबल अंकित कुशवाहा एवं मिशन शक्ति टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत हुई है।




