वाराणसी | पौष पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर श्रद्धालु यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी मंडल श्री आशीष जैन ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बनारस–प्रयागराज रामबाग रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने माघ मेला यात्रियों की सुचारु आवाजाही एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर झूंसी, प्रयागराज रामबाग, रामनाथपुर, भीटी एवं हंडिया खास रेलवे स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक झूंसी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहाँ उन्होंने वरिष्ठ रेल अधिकारियों के साथ श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्टेशन यार्ड, मेला यात्रियों हेतु बनाए गए अस्थायी आश्रय शिविर, स्टाफ कैंटीन, भोजनालय, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, वाटर हाइड्रेंट, अग्निशामक यंत्र, मोबाइल यूटीएस, प्राथमिक उपचार केंद्र सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को निरंतर कार्यशील एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
झूंसी स्टेशन यार्ड के निरीक्षण के दौरान श्री जैन ने माघ मेला विशेष ट्रेनों के लिए स्टेबलिंग लाइनों में खड़े रेकों की सुरक्षा एवं रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने तथा यार्ड क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक अपने निरीक्षण विशेष यान से प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहाँ उन्होंने यात्री आश्रय, प्रतीक्षालय, पैदल उपरिगामी पुल, टिकट काउंटर (यूटीएस एवं पीआरएस), स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश-निकास मार्गों सहित परिचालन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि माघ मेला के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
डीआरएम ने मेला अवधि में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्री आश्रय केंद्रों, टिकट काउंटरों एवं प्रवेश-निकास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कंट्रोल रूम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर एवं पैसेंजर होल्डिंग एरिया में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ माघ मेला विशेष गाड़ियों के संचालन, रेक हैंडलिंग, शंटिंग, वाशिंग लाइन, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन तथा आपात स्थिति में आपदा प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा कर समुचित कार्ययोजना तैयार की गई।

इसके पूर्व डीआरएम ने रामनाथपुर, भीटी एवं हंडिया खास रेलवे स्टेशनों का भी निरीक्षण किया, जहाँ स्टेशन पैनल रूम, यात्री सुविधाएं, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्लेटफॉर्म की स्थिति एवं बढ़ती यात्री संख्या के प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री एस. रामकृष्णन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान सहित मंडल के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।




