गाजीपुर। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाज़ीपुर द्वारा जनपद के समस्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कम्पोजिट विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में ‘‘मिशन शक्ति‘‘ विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विस्तृत कार्ययोजना जारी कर दी गई है। शारदीय नवरात्र के अवसर पर यह विशेष अभियान 11 अक्टूबर 2026 से 19 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत तिथिवार प्रमुख गतिविधियाँ- दिनांक 11 अक्टूबर को विद्यालयों में हेल्पलाइन नंबरों (चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस सहायता 112, 181 आदि) पर आधारित पोस्टर प्रदर्शन एवं बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों की जानकारी। दिनांक 12 अक्टूबर को बाल अधिकारों पर आधारित नुक्कड़ नाटक, स्लोगन युक्त तख्तियों के साथ जन-जागरूकता रैलियों का आयोजन। दिनांक 13 अक्टूबर को बालिकाओं को विद्यालय, ब्लॉक, तहसील, जिला एवं मण्डल स्तर पर प्रमुख पदों पर एक दिन के लिए आसीन करते हुए कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव कराना (यथा ‘‘एक दिन का जिलाधिकारी‘‘)। दिनांक 14 अक्टूबर को ‘‘मदर मेला‘‘ का आयोजन, माहवारी स्वच्छता प्रबन्धन, सेनेटरी पैड के सुरक्षित प्रयोग/निपटान पर चर्चा, जागरूकता रैली व नुक्कड़ नाटक। दिनांक 15 अक्टूबर को बालिकाओं द्वारा निकटवर्ती बैंकों का भ्रमण, वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण एवं बैंक खाता संचालन प्रक्रिया की जानकारी। दिनांक 16 अक्टूबर को सेल्फ-एस्टीम (आत्मसम्मान) प्रशिक्षण, सरकारी अस्पतालों का भ्रमण, ओपीडी पर्चा बनवाने, चिकित्सक परामर्श व जांच प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ। दिनांक 17 अक्टूबर को महिला अधिकारियों व विशिष्ट महिलाओं द्वारा विद्यालयों का भ्रमण व संवाद, आत्मरक्षा प्रशिक्षण खेलकूद, गाइड एवं एनसीसी प्रशिक्षण। दिनांक 18 अक्टूबर को निकटतम पुलिस थाना/कोतवाली का भ्रमण, एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, गिरफ्तारी संबंधी नियमों की समझ, डिजिटल व साइबर सुरक्षा जागरूकता तथा बच्चों द्वारा ‘‘बाल अखबार‘‘ का निर्माण दिनांक 19 अक्टूबर को जेंडर स्टीरियोटाइप, विधिक साक्षरता, पॉक्सो एक्ट, बाल-विवाह रोकथाम एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित नुक्कड़ नाटक। सख्त अनुश्रवण एवं रिपोर्टिंग व्यवस्था- अभियान के सभी कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित समीक्षा सीधे सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से निगरानी की जाएगी। रियल टाइम रिपोर्टिंग- समस्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/वार्डेन प्रतिदिन दोपहर 1.00 बजे तक गतिविधियों की संक्षिप्त आख्या गूगल फॉर्म पर दर्ज करेंगे तथा फोटो एवं वीडियो विभागीय ईमेल (missionshaktishiksha@gmail.com) पर प्रेषित करेंगे। समीक्षा एवं समन्वय- खंड शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर प्रभावी समन्वय व दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करेंगे। विद्यालय अनुदान से प्रचार- सभी विद्यालयों में विद्यालय विकास अनुदान मद से ‘‘मिशन शक्ति‘‘ के मानक बैनर प्रदर्शित किए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाज़ीपुर ने स्पष्ट निर्देशित किया है कि समस्त अधिकारी एवं शिक्षक पूर्ण निष्ठा के साथ इस अभियान को सफल बनाएं, जिससे जनपद की प्रत्येक बालिका सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बन सके।







